कानपुर में 24 को होने वाला प्रियंका गांधी वाड्रा का रोड शो निरस्त


कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा की व्यस्तता के कारण उत्तर प्रदेश में उनके कार्यक्रम अभी पटरी पर नहीं हैं। अब कानपुर में उनका 24 मार्च को होने वाला रोड शो स्थगित कर दिया गया है।


लोकसभा चुनाव 2019 से पहले ही राजनीति में सक्रिय प्रियंका गांधी वाड्रा को कांग्रेस का सबसे अचूक हथियार यानी ब्रह्मास्त्र माना जा रहा है। पार्टी में राष्ट्रीय महासचिव का बड़ा ओहदा संभालने के बाद प्रियंका गांधी ने लखनऊ में रोड शो किया था जबकि 18 से 20 मार्च तक पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, भदोही, मिर्जापुर व वाराणसी में जल तथा सड़क मार्ग से पार्टी के प्रचार अभियान को गति प्रदान की थी।


24 मार्च को कानपुर में प्रियंका गांधी वाड्रा रोड शो प्रस्तावित था। अब इस रोड शो निरस्त कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि 24 मार्च को दिल्ली में पार्टी संसदीय बोर्ड की बैठक प्रस्तावित है। इस बैठक में पार्टी के प्रत्याशियों के नाम पर मुहर लगने के साथ ही साथ कुछ नेता कांग्रेस में शामिल भी हो सकते हैं।